Thursday, April 11, 2019

एक-एक वोट की अहमियत. जरूर कीजिए मतदान

* एडॉल्फ हिटलर को कौन नहीं जानता! पहले विश्वयुद्ध में जर्मन सेना का यह जवान इंग्लैड के हाथों बुरी तरह घायल हुआ था और आक्रामणकर्ता उसे मरा समझ कर छोड़ गए थे। जर्मनी को बदल डालने के लिए नाजी दल बना और हिटलर अपने प्रतिद्वंद्वी से महज एक वोट से जीत गए। ये एक वोट न मिलता तो हिटलर आज इतिहास के काले-सफेद किसी पन्ने का हिस्सा नहीं बन पाते।
** 1776 में अमेरिका में एक वोट ज्यादा मिलने से जर्मन भाषा के स्थान पर अंग्रेज़ी राजभाषा बन गई थी। जबकि इसके लिए जर्मनों के प्रयास ज्यादा जोरदारी से हुए थे।
*** 1875 में फ्रांस में मात्र एक वोट से राजतंत्र के स्थान पर गणतंत्र बन गया था। इसे सदी की प्रमुख घटना के तौर पर माना जाता है।

**** 1917 में सरदार वल्लभ भाई पटेल अहमदाबाद म्यूनसिपल कारपोरेशन का चुनाव मात्र एक वोट से हार गए थे।

***** तकरीबन 19 साल पहले अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। सरकार ने गणित देखा, जीत लग रही थी किंतु एक वोट से सरकार का पतन हो गया। यह वोट था उड़ीसा के तत्कालीन मुख्यमंत्री गिरधर गमांग का। उन्हें सीएम चुने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देना था किंतु राजनीतिक धोखाधड़ी के तहत कांग्रेस ने उनका वोट डलवा दिया।
****** 2008 में राजस्थान विधानसभा के चुनावों की बात है। कांग्रेस के सीपी जोशी नाथद्वारा सीट से महज एक वोट से हार गए थे। अच्छा यह हुआ कि कांग्रेस की सरकार नहीं बनी, वरना सीएम बनने की लाइन से हट जाने के लिए जीवनभर पछताना पड़ता। खास बात यह है कि दिन-रात उनके साथ रहने वाले ड्राइवर ने ही वोट नहीं डाला था।
******* करीब चार माह पहले मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों को भी भूलिये मत। यहां भाजपा की सरकार नहीं बन पाई क्योंकि वो बहुत कम मतों के अंतर से हार गई। हार का न्यूनतम अंतर 121 वोट रहा।
.... यानी एक-एक वोट की अहमियत है। मतदान जरूर कीजिए। यह मत समझिए कि आपके एक वोट से क्या फर्क पड़ने वाला है। मतदान आपका अधिकार ही नहीं, देश और मजबूत लोकतंत्र के प्रति आपका फर्ज भी है। #NationFirstVotingFirst

पत्रकारों का लाइलाज 'दर्द-ए-दिल'

मीडिया से एक ही हफ्ते में दूसरी बुरी खबर है। ‘दैनिक जागरण’ मथुरा के महेश चौधरी के बाद ‘फोर्ब्स इंडिया’ की फाउंडर टीम के मेंबर केपी नारायण भी नहीं रहे। दोनों त्रासदियों की वजह एक ही है, दिल का रोग। दोनों का कम उम्र में ही छोडकर चले जाना भयावह संकेत दे रहा है कि मीडिया की दुनिया में सब कुछ ठीक नहीं है। अनियमित जीवन असमय विराम ले रहा है, चकाचौंध युवाओं का जीवन लील रही है।
पिछले कुछ वर्षों में मीडिया का ग्लैमर बढ़ा है। नतीजतन, आईएएस-आईपीएस बनने का माद्दा रखने वाले मेधावी युवाओं का इसमें आगमन हुआ है। प्रतिभाएं अपना जलवा बिखेर रही हैं। महेश चौधरी को मैं जानता था। वह एक ईमानदार और लक्ष्य के प्रति एकाग्रचित्त पत्रकार था। डेडलाइन में काम करने का आदी। प्रतिभा इतनी कि उसे हर खबर की गहराई पता होती थी और खबरें इतनी कि अकेले दम पर अखबार का काफी हिस्सा भर दे। डेस्क पर आने के बाद उसकी क्षमताएं और भी ज्यादा दिखीं। शब्दों पर पकड़ और सीखने की ललक से वह यहां भी कामयाब था। अचानक एक बुरी खबर आई। एक मीडिया वॉट्सऐप ग्रुप से पता चला कि महेश चला गया।
केपी की मृत्यु भी चिंतित और आश्चर्यचकित कर रही है। चिंता यह कि मीडिया में तनाव कहीं और दुष्प्रभाव न डालने लगे और आश्चर्य यह कि कामयाब होने पर भी क्या दबाव जानलेवा हो सकता है। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से अपनी पत्रकारीय पारी की शुरुआत करने वाले केपी ने कई ख्यातिनाम मीडिया समूहों में खुद को साबित-स्थापित किया। ‘मिंट’ और ‘फोर्ब्स इंडिया’ की स्टार्ट अप टीमों में भी शामिल रहे। दिल की बीमारी की सबसे बड़ी वजह है अनियमित जीवनशैली और तनाव-दबाव। कुछ वक्त पर लक्षण पहचानकर इलाज करा लेते हैं तो कुछ इतना समय ही नहीं निकाल पाते कि इलाज भी करा पाएं।
तनाव के साथ ही असुरक्षा भी पत्रकारों को जीने नहीं दे रही। नहीं पता कि जाने कब नौकरी चली जाए। मुश्किल यह भी है कि मीडिया ऐसा उद्योग है, जहां छोटे निवेश से काम चलता नहीं और बड़े निवेश का रिटर्न आना और समय पर आ जाना, दोनों अनिश्चित हैं। पिछले दस साल की बात करें और सिर्फ आगरा जैसे उत्तर प्रदेश के एक मंडल का उदाहरण लें तो यहां तीन-चार अखबार लॉन्च हुए। पानी की तरह पैसा बहाकर भी यह अखबार टिक नहीं पाए और बंद हो गए। लागत और कमाई के ग्राफ में जमीन-आसमान सरीखा अंतर हिम्मत तोड़ देता है। ऊपर से, स्थापित मीडिया संस्थानों का बल चलने तो क्या, रेंगने भी नहीं देता। इसलिये पत्रकारों के लिए विकल्प कम हैं। यानी, नौकरी चली जाए तो दूसरी मिलना बहुत मुश्किल हो जाता है। ऊपर से कुकुरमुत्तों की तरह उग आए मीडिया एजुकेशन संस्थान बड़े पैमाने पर हर साल पास आउट युवाओं को और भाड़ में झोंके जाने के लिए भेज देते हैं।
संस्थानों के पास उम्मीदवारों की भीड़ है, इसलिये उन्हें छंटनी से भी गुरेज नहीं होता। समस्या विकराल है। देश-दुनिया में अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले पत्रकार खुद शोषण के शिकार और अंदरूनी दर्द से बेहाल हैं। सरकारी स्तर पर संरक्षण की आवश्यकता है। हालांकि, इस संरक्षण में बाधा भी उनके अपने ही संस्थान हैं जो एकजुट होकर राहत मिलने नहीं देते।

https://www.samachar4media.com/vicharmanch-news/an-article-about-journalism-written-by-senior-journalist-anil-dixit-50398.html

Thursday, January 24, 2019

करतारपुर पर खुशी, और चिंताएं

लाखों-करो़ड़ों सिखों की आस्था का केंद्र करतारपुर सियासत की सरगरमियों की वजह बना है। पाकिस्तान चाहता है कि भारत के सिख सीधे आएं और एेतिहासिक गुरुद्वारे के दर्शन करें। भारत का रुख सकारात्मक है, रास्ते की रुकावटें हटना शुरू भी हो गई हैं। गुरुद्वारे के लिए गलियारा बनने लगा है। लेकिन, क्या सब.कुछ इतना अच्छा और आसान है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के तेवर बताते हैं कि कहीं कुछ डर है। हम कहीं धार्मिक पहल के बहाने रक्षा मोर्चे पर मात देने की साजिश से तो रूबरू नहीं होने जा रहे हैं। उल्लास के माहौल में चिंताओं के भी रंग हैं। भारत सरकार के लिए मुश्किल भी है कि वह सिखों के इस प्रमुख गुरुद्वारे के दर्शन में बाधा नहीं बन सकती। इसके पीछे भारतीय जनता पार्टी की मातृ संस्था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का दबाव है। संघ को लगता है कि सकारात्मक कदम उठाकर 1984 के दंगों में कांग्रेसी चोट से आहत सिखों का दिल जीता जा सकता है। एेसे में जबकि 2019 के लोकसभा चुनाव सिर पर खड़े हैं, दिल जीतने की यह कवायद बड़ी चुनावी कामयाबी की वजह भी बन सकती है।
करतारपुर कॉरिडोर बनाने की घोषणा भारत और पाकिस्तान दोनों ने की है। ये कॉरिडोर पाकिस्तान के करतारपुर और भारत के गुरदासपुर के मान गांव को जोड़ेगा। सिखों के पहले गुरु गुरुनानक देव की कर्मस्थली है करतारपुर, यहीं नानक देव ने अंतिम सांसें ली थीं। माना जाता है कि जिस स्थान पर गुरु नानक देव की मृत्यु हुई थी, गुरुद्वारा उसी स्थान पर है। दूर से ही दिख जाने वाले इस गुरुद्वारे का निर्माण 1920-29 के बीच महाराज पटियाला महाराज सरदार भूपिंदर सिंह ने कराया, खर्च हुए एक लाख 35 हजार छह सौ रुपये। वर्ष 1995 में पाकिस्तान सरकार ने इसके कुछ हिस्सों का पुनर्निर्माण कराया। भारतीय सीमा से महज तीन किलोमीटर दूर स्थित इस गुरुद्वारे को टेलीस्कोप से देखने की व्यवस्था भारत ने कर रखी है। बहरहाल, प्रस्तावित कॉरिडोर का मकसद सिख श्रद्धालुओं के लिए गुरुनानक देव की पवित्र धरती तक पहुंच और आवाजाही आसान बनाना है। पाकिस्तान की घोषणा है कि कॉरिडोर बनने के बाद श्रद्धालु बिना वीजा गुरुद्वारे के दर्शन कर सकेंगे। भारत और पाकिस्तान, दोनों की तरफ से कॉरिडोर के लिए समारोहपूर्वक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। करतारपुर गुरुद्वारे पर भारतीय सिख जाएं और अरदास कर सकें, इसके लिए पहल अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने की थी। 1998 में यह मसला पाकिस्तान सरकार के समक्ष उठा, लेकिन परमाणु परीक्षण के बाद पैदा परिस्थितियों की वजह से अधर में लटक गया। साल 2000 में पाकिस्‍तान ने भारत से आने वाले सिख श्रद्धालुओं को बॉर्डर पर एक पुल बनाकर वीजा फ्री एंट्री देने का फैसला किया था। साल 2017 में भारत की संसदीस समिति ने कहा कि आपसी संबंध इतने बिगड़ चुके हैं कि किसी भी तरह का कॉरीडोर संभव नहीं है। और मामला वहीं थम गया।
सिखों को लगता है कि अब उनके आराध्य के परम पवित्र गुरुद्वारे के आसानी से दर्शन की बेला आ गई है। लेकिन सब-कुछ इतना सीधा और सरल नहीं। पाकिस्तान की सुस्ती से निश्चिंत भारत की चिंताएं उसकी व्यग्रता ने बढ़ाई हैं। सरकार को डर है कि लंबे अरसे तक आतंकवाद की तपिश झेल चुके पंजाब में पाकिस्तान कहीं फिर आग न लगा दे। इस खौफ का अंदेशा भारत के सधे कदमों से लगता है। भारत सरकार ने करतारपुर कॉरिडोर के शिलान्यास समारोह में अपने दो मंत्रियों हरसिमरत कौर बादल और हरदीप पुरी को भेजा लेकिन पूरी निगरानी भी जारी रखी। अंतर्राष्ट्रीय पटल पर नकारात्मक संदेश न जाने देने के लिए प्रतिनिधित्व का निर्णय हुआ। सरकार खालिस्तान सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) समर्थकों की 2019 में गुरुनानक की 550वीं जयंती के मौके पर पाकिस्तान में होने वाले सम्मेलन की योजना पर भी करीबी नजर बनाए हुए है। सम्मेलन में सदस्य अलग खालिस्तान बनाने की मांग करेंगे। सिख तीर्थयात्रियों को पाकिस्तान जिस उदारता के साथ वीजा दे रहा है, उससे सरकार को डर है कि भारत से जाने वाला सिख जत्था इस सम्मेलन में शामिल हो सकता है। इसके अलावा करतारपुर गलियारा तीर्थयात्रियों के लिए वीजा फ्री भी रहेगा, यह घोषणा भी भारत को सुकूनभरी कम, चिंताभरी ज्यादा लग रही है। उसे लग रहा है कि हर मोर्चे पर बेशर्मी से अडिग रहकर भारत की परेशानी बढ़ाते रहने वाला यह पड़ोसी इतना उदार कैसे हो गया। एेतिहासिक गुरुद्वारे में जिस तरह खालिस्तान समर्थक अपने बैनर लगाते रहे हैं, यह भी चिंता की एक कड़ी है। शुरुआत में ही पाकिस्तान ने अपनी मंशा जाहिर भी कर दी जब शांति का प्रतीक माने जा रहे इस कार्यक्रम में खालिस्तान समर्थक गोपाल चावला भी मौजूद रहा। उसने पाकिस्तानी सेना प्रमुख कमर बाजवा से मुलाकात भी की। 
संकेत तो यहां तक हैं कि बाजवा से मुलाकात के बाद भारत सरकार पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की गुपचुप निगरानी करा रही है। उसे लग रहा है कि अपने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की मनाही के बावजूद सिद्धू के जाने की कोई एेसा वजह है जिसका पता लगाने की जरूरत है। कहीं सिद्धू के तार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से तो नहीं जुड़ रहे या अनजाने में उन्हें मोहरा बनाने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा। गोपाल चावला को सरकार पाकिस्तानी योजना का प्रमुख मोहरा मान रही है। इसके कारण भी हैं। चावला की वजह से ही पाकिस्तान ने साखी पर भारतीय अधिकारियों को पंजा साहिब गुरुद्वारे में जाने से रोक दिया था। इससे दो दिन पहले भी अफसरों को वाघा बॉर्डर पहुंचे सिख श्रद्धालुओं से मिलने से रोका गया था। वाघा भारतीय सीमा खत्म होने के बाद पाकिस्तान का पहला रेलवे स्टेशन है। पाकिस्तान स्थित भारतीय दूतावास के यह अधिकारी हर साल की तरह भारतीय श्रद्धालुओं से मिलना चाह रहे थे ताकि उन्हें वहां किसी तरह की दिक्कत न हो और विषम परिस्थिति में मदद कर सकें। खालसा पंथ के 320 वें जन्म दिवस के मौके पर वैशाखी के दिन 1800 सिख श्रद्धालु पाकिस्तान में तीर्थ स्थल पर पहुंचे थे। भारतीय श्रद्धालुओं की यह तीर्थयात्रा भारत और पाकिस्तान के बीच धार्मिक यात्राओं के लिए हुए समझौते के तहत होती है। पाकिस्तान के भारत विरोधी अभियान के तहत सिख आतंकियों ने गुरुद्वारा पंजा साहिब के परिक्रमा के दौरान सिख जनमत संग्रह 2020 के पोस्टर भी लगाए थे। चिंताओं की यह वजह हैं कि भारत को असहज होने के बावजूद आगे बढ़ना पड़ रहा है। 

चुनौतियों से रूबरू इमरान

पाकिस्तान विस्फोट के मुहाने पर है। चीन के बढ़ते कर्ज और अमेरिका के हाथ खींचने के बाद आर्थिक मोर्चे पर बदहाली बढ़ी है। ढांचा ढह रहा है। सुधार के शुरुआती संकेतों से उत्साहित नए प्रधानमंत्री इमरान खान का भारत विरोधी सुर पकड़ना बेवजह नहीं है। अच्छा होने-करने के लिए उत्साह से लबरेज इमरान मानने लगे हैं कि कुछ भी काबू में आना मुश्किल है और अवाम को फुसलाने के लिए भारत विरोध का पारंपरिक एजेंडा ही कारगर है। असल में, भारत में सशक्त सरकार ने भी हौसले पस्त किए हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उसे मुंह की खानी पड़ रही है। 

पाकिस्तान की चर्चा का यह वक्त अचानक नहीं आ गया। सत्तासीन होने के बाद इमरान खान ने जो सकारात्मक संकेत दिए थे, करतारपुर कॉरिडोर खोलने की घोषणा जैसे कुछ सकारात्मक कदम उठाए भी थे, उससे यह उम्मीद जगने लगी थी कि वह अपने पूर्ववर्तियों की तुलना में अलग हैं और कुछ अच्छा करना चाहते हैं। उनके मुख से भारत से दोस्ती के लिए कुछ अच्छी बातें भी हुई थीं। लेकिन उनके तेवर पलटने लगे। अभिनेता नसीरुद्धीन शाह की असुरक्षा की चिंताओं पर हां में हां मिलाने के साथ ही उन्होंने जता दिया कि पाकिस्तान में चीजें नहीं बदलेंगी अपितु भारत विरोध का पुराना एजेंडा ही चलेगा।इमरान चौतरफा चुनौतियों से रूबरू हैं। आर्थिक मोर्चे पर अमेरिका ने हाथ खींचना शुरू कर दिया है। तमाम प्रयासों और स्पष्टीकरण के बावजूद अमेरिका मान नहीं रहा। आतंकवाद के मददगार के रूप में कुख्याति अमेरिका के साथ रिश्ते में फांस बन गई है। उधर, चीन हर तरह की मदद के लिए आतुर रहकर खुद पर निर्भरता बढ़ा रहा है। हाफिज सईद के मुद्दे पर अमेरिका रुष्ट है लेकिन चीन मददगार। सेना की कठपुतली इमरान चाहकर भी हाफिज सईद का विरोध नहीं कर सकते क्योंकि उसे सेना का संरक्षण है। सईद के खुलेआम विचरण से दुनिया में देश की ख्याति मलिन होती है।
इसके साथ ही, आंतरिक हालात भी परेशानी का सबब हैं। सिंध और बलूचिस्तान के बाद खैबर पख्तूनवा और वजीरिस्तान ने भी अलग देश की मांग पर बवाल मचा रखा है। इमरान के पीएम बनने के बाद पख्तूनियों के 27 वर्षीय नेता मंजूर पश्तीन ने कई दिन तक लगातार आंदोलन छेड़ा। वह लाखों पख्तूनियों के एकछत्र नेता हैं और उनकी आवाज पर बवंडर उठ जाया करता है। समस्या विकराल है क्योंकि पाकिस्तानी सेना में पख्तूनियों की संख्या 25 फीसदी से ज्यादा है और सेना में बगावत का खतरा है। पाकिस्‍तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) और गिलगित-बाल्टिस्तान में भारत से बातचीत शुरू करने की मांग को लेकर आंदोलन तेजी पकड़े हुए है। मांग क्षेत्र से सेना हटाए जाने की भी है। जम्मू कश्मीर में अशांति के अपने आरोपों पर पाकिस्तान दृढ़ नहीं हो पाता क्योंकि पीओके में उसके विरुद्ध बगावत के सुर बात कमजोर कर देते हैं। बलूचिस्तान में भी अलगाववादी आंदोलन तेज हैं। आरोप है कि इस राज्य को पाकिस्तान ने जबरन हथिया रखा है। बलूचियों को चिंता है कि चीन के आर्थिक गलियारे के बाद उनका शोषण बढ़ जाएगा और उन्हें दबाने के लिए चीन और पाकिस्तान मिलकर कहर बरपाएंगे। बलूचिस्तान में प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक संसाधन हैं, यहां कॉपर, गोल्ड, लीथियम और कई दुर्लभ खनिज पदार्थ मिलते हैं। पाकिस्तान इस इलाके से प्राकृतिक गैस निकालता है लेकिन इस प्रांत को कोई रॉयल्टी नहीं मिलती। यही वजह है कि बलूच लिबरेशन फ्रंट इकनोमिक प्रोजेक्ट्स पर अक्सर हमले करता रहता है। पाकिस्तान ने अपने 15000 सैनिक इन प्रोजेक्टों की रक्षा के लिए लगा रखे हैं। देश की कुल आबादी में बलूचों की संख्या पांच फीसदी से ज्यादा है। इसी तरह सिंध में आवाजें उठती रही हैं। नई मुश्किल बलूच और सिंधियों का एकजुट आंदोलन है। पाकिस्तान के कुल कर संग्रह में सिंध की हिस्सेदारी 70 फीसदी के आसपास है। सिंध में ही कच्चे तेल और गैस का सर्वाधिक उत्पादन होता है। फिर भी यह पाकिस्तान के सबसे पिछड़े इलाकों में शुमार है। बंटवारे के वक्त सिंध के लोगों ने खुद ही पाकिस्तान में शामिल होने का समर्थन किया था, लेकिन बाद में दमन की वजह से पाकिस्तान से मोहभंग हो गया। इमरान को चूंकि सेना के समर्थन से विजयी प्रधानमंत्री माना जाता है इसलिये आक्रोश ज्यादा है।